
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र से आठवीं कक्षा की छात्रा के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेसुआ नईबाजार गांव निवासी भूषण यादव के 19 वर्षीय पुत्र रितेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते रविवार को आरोपी युवक आठवीं की छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया था।
किशोरी के लापता होने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने सकलडीहा कोतवाली में युवक के खिलाफ अपहरण की लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने गहन छानबीन और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी की जा रही है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।