
मुग़लसराय (चन्दौली)- अड्डा 24×7 दुर्गाकुंड, वाराणसी की ओर से लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मुख्य परिसर चंदौली में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से एक विशेष करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं में करियर की संभावनाओं तथा परीक्षा की तैयारी के लिए उचित दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था।

कार्यक्रम में भगवान जी गुप्ता ब्रांच मैनेजर, आलोक सिंह, रीजनिंग विशेषज्ञ, रिशु पाल, सामान्य अध्ययन (GS) विशेषज्ञ तथा आनंद त्रिपाठी, प्रबंध समिति मौजूद रहे ।
सेमिनार के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को SSC, रेलवे, बैंकिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, अभ्यास, सटीक रणनीति तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता एवं लक्ष्य के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में उचित मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता की प्रमुख कुंजी हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा भविष्य के लिए सही निर्णय लेने में सहायक सिद्ध होते हैं।