[smartslider3 slider="2"]

डीडीयू मंडल में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का सम्मान, 66 कर्मचारियों को लगभग 34 करोड़ रुपये का समापक भुगतान

Connect With Social Media

पं. दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में जनवरी–2026 में सेवानिवृत्त हुए रेलकर्मियों के लिए कार्मिक विभाग द्वारा भव्य समापक भुगतान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सोमवार, 02 फरवरी 2026 की शाम को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक  उदय सिंह मीना रहे। इस अवसर पर डीडीयू मंडल के कुल 66 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सभी आवश्यक कागजातों के साथ विभिन्न मदों में कुल 33 करोड़ 98 लाख 65 हजार 419 रुपये का समापक भुगतान प्रदान किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात समापक भुगतान से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन, बीमा, डिजिटल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं, ताकि वे सेवानिवृत्ति के बाद अपने जीवन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ा सकें।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक  मीना ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, वित्तीय मामलों को समझदारी से संचालित करने और जीवन के इस नए चरण में समय का सकारात्मक उपयोग करने पर जोर दिया। साथ ही डीडीयू मंडल की निरंतर प्रगति और उपलब्धियों में सेवानिवृत्त हो रहे रेलकर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।


समारोह में वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक  राहुल राज, स्थानीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक  प्रिंस कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, यूनियन व एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सेवानिवृत्त रेलकर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।
यह समारोह न केवल सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल भी साबित हुआ।

Leave a Comment

error: Content is protected !!