[smartslider3 slider="2"]

BHU में PDA Youth Meet Up: शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय पर युवाओं ने रखे विचार

Connect With Social Media



छात्राओं के लिए हॉस्टल की सीटें बढ़ाने की उठी मांग, 2027 में सपा की सरकार बनाने का संकल्प

वाराणसी, 17 अक्टूबर। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के केंद्रीय ग्रंथालय हॉल में शनिवार को समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंकुर पाण्डेय के नेतृत्व में PDA Youth Meet Up अभियान के तहत छात्र-युवा संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, बेरोजगारी, रोजगार के अवसर, सामाजिक न्याय और प्रदेश के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान छात्र-युवाओं ने अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को साझा करते हुए उनके समाधान के लिए ठोस पहल की आवश्यकता पर जोर दिया।


बैठक को संबोधित करते हुए अंकुर पाण्डेय ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही रोजगार के पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य और मेहनत पर प्रतिकूल असर पड़ता है। वहीं, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षा महंगी होने से विद्यार्थियों के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।

छात्राओं के लिए हॉस्टल की सीटें बढ़ाने की मांग

संवाद बैठक में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्राओं के छात्रावास से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रगति गंगवार ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए छात्रावास की सीटों में वृद्धि की जानी चाहिए, ताकि सभी पात्र छात्राओं को आवास की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सुलभ छात्रावास की उपलब्धता छात्राओं की शिक्षा जारी रखने के लिए महत्वपूर्ण है। छात्रावास में जगह नहीं मिलने के कारण छात्राओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन को इस समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जताया संकल्प

अंकुर पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि PDA का युवा 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से PDA Youth Meet Up अभियान जारी रहेगा।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन समाजवादी छात्रसभा, BHU इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने किया।

इस अवसर पर सुधीर गुप्ता, गौरव कुमार, दीपक यादव, धीरेन्द्र, रोहित यादव, नितिन सोनकर, संदीप प्रजापति, निर्भय यादव, के.पी., वीरेंद्र, मुरारी, रणवीर, मनीष, सुमित कुमार, आनंद सिंह, सौरभ यादव, गुड्डू, अभिषेक गोप, अभिनंदन गोंड, अंकित यादव, राज सिंह, अतुल यादव, कुशल यादव, इम्तियाज अली, कुनाल गोस्वामी और पवन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!