
सिंधीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा वाहन, दो आरोपी फरार; दो चापड़ भी बरामद
चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक इनोवा कार से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य लोग फरार होने में सफल रहे। बरामद मांस का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सिंधीताली पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इनोवा कार संख्या UP65BT5561 को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई।

इसके बाद चालक और पीछे बैठा एक व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि चालक के बगल में बैठे व्यक्ति को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैयाज कुरैशी (45), पुत्र मो. इस्लाम कुरैशी, निवासी बेलौड़ी पंचायत, थाना मोहनिया, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से कुल 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद हुए। सूचना पर पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया मांस के गोमांस होने की बात कही। मांस के नमूने को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 640/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।