
डीडीयू मंडल (EC रेलवे)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेल कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) के भुगतान को मंजूरी दे दी है। इसके तहत देशभर के 11,40,770 रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर कुल 2009.61 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा।

बतादे कि पात्र गैर-राजपत्रित रेल कर्मचारियों को हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा की छुट्टियों से पहले पीएलबी का भुगतान किया जाता है। इस वर्ष भी कर्मचारियों को अधिकतम 78 दिनों के लिए 17,951 रुपये तक बोनस मिलेगा। इससे रेलवे के करीब 11.40 लाख कर्मचारियों को लाभ होगा।
बोनस का लाभ ट्रैक मेंटेनेंस कर्मियों, लोको पायलटों, ट्रेन मैनेजरों (गार्ड), स्टेशन मास्टरों, सुपरवाइजरों, तकनीशियनों, तकनीशियन सहायकों, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और अन्य ग्रुप सी कर्मचारियों को मिलेगा। पीएलबी का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान 1670 मिलियन टन माल की रिकॉर्ड ढुलाई की गई, जबकि करीब 7.41 अरब यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। रेलवे के इस प्रदर्शन में कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया है।