
बबुरी ।कस्बे के उत्तर महाल मुहल्ले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। एक और जहां उत्तर महाल मुहल्ले की एक गली में पिछले दो वर्षों से एबीसी केबल डालने के बावजूद विभाग उक्त केबल से बिजली आपूर्ति शुरू नहीं कर सका, वहीं अब उस समस्या के समाधान के नाम पर भेजे गए दो बिजली के दो खंभे पिछले 10 दिनों से कस्बे के मुख्य मार्ग पर लावारिस हालात में पड़े है, जिससे अब नई समस्या खड़ी कर रही है। एक तरफ गली के लटके तारो की वजह से जान का खतरा और दूसरी तरफ सड़क पर रखे खम्बो से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।लेकिन बबुरी पावर हाउस पर तैनात कर्मचारी इस गंभीर समस्या से मानो अनजान बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ये दोनों खंभे कस्बे के उत्तर महल मोहले के उस गली में लगाए जाने थे जहां पिछले दो वर्षों से एबीसी केबल तो डाल दी गई, लेकिन आज तक उस केबल से बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई। नतीजतन उपभोक्ता निजी केबल के सहारे बिजली लेने को मजबूर हैं और गली में नीचे लटकते कटे तार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि समस्या के समाधान के लिए भेजे गए खंभों को भी विभाग समय पर नहीं लगवा पा रहा है। मुख्य सड़क पर पड़े ये खंभे अब राहगीरों के लिए नई मुसीबत बन गए हैं। आए दिन लोग ठोकर खाकर गिरने से बाल-बाल बच रहे हैं, सबसे ज्यादा दिक्कत रात के अंधेरे में हो रही है।लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी मूकदर्शक बने बैठे हैं। लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि बबुरी पावर हाउस के कर्मचारी केवल औपचारिकता निभा रहे हैं, जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होना विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
लोगो ने मांग की की जल्द खंभों को सही स्थान पर लगाकर एसीबी केबल से उक्त गली में रह रहे उपभोक्ताओं को बिजली दी जाय। अन्यथा इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की जाएगी। बिजली विभाग की यह उदासीनता साफ दर्शाती है कि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी केवल कागजों पर सक्रिय हैं, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह विपरीत है।