[smartslider3 slider="2"]

स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली, नामांकन बढ़ाने पर जोर

Connect With Social Media
सचिन पटेल

चकिया । शहाबगंज विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय उसरी में बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल के अध्यापकों व बच्चों की सहभागिता से संपन्न हुआ।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक भोला प्रसाद, ग्राम प्रधान नंदकुमार तथा पंडित बच्चन महाविद्यालय के प्रबंधक अभिषेक पांडेय ने फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद बच्चों ने ढोल-ताशों के साथ रंग-बिरंगी तख्तियां लेकर ‘स्कूल चलो अभियान’ के नारे लगाए और गांव में भ्रमण किया। रैली उसरी बस्ती से निकलकर शाहपुर चौराहे तक गई और पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई।


कार्यक्रम का उद्देश्य अनियमित बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ना, ड्रॉपआउट और आउट ऑफ स्कूल बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना तथा 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का प्रवेश कराना रहा। साथ ही बाल हितैषी वातावरण का निर्माण कर प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस दौरान बच्चों ने “अब न हो बाल श्रम का बोझ, हर बच्चा पढ़े हर रोज” और बचपन को बाल श्रम की छाया से बचाएं, आओ हर बच्चे को स्कूल में लाएं जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में संस्था की प्रीति शर्मा, विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक संदीप कुमार, शिक्षिका शशि प्रभा, रानी चौरसिया, अमन कुमार, शशिकला पांडेय, आरती देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री वीणा देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!