
चकिया । सैदूपुर कस्बा स्थित राइस मिल प्रांगण में श्री राम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नवदिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ पहले दिन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार आचार्य द्वारा पूजन-अर्चन कर किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
वृंदावन धाम से पधारीं आचार्या बाल विदुषी पूर्णिमा जी ने कथा का प्रारंभ करते हुए भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा चंद्रमा के समान शीतल और मन को शांति प्रदान करने वाली है। कथा के दौरान उन्होंने बताया कि भगवान राम का जीवन आदर्शों, मर्यादा और धर्म के पालन का प्रतीक है, जो प्रत्येक व्यक्ति को सच्चाई और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

पहले दिन की कथा में बाल रूप से लेकर भगवान राम के अवतरण के उद्देश्य और उनके जीवन के प्रारंभिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। आचार्या ने अपने मधुर वाणी से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा पंडाल राममय हो गया। अंत में आरती के साथ प्रथम दिवस की कथा संपन्न हुई।

कथा श्रवण करने वालों में मधुसूदन वर्मा, ग्राम प्रधान मनोहर केशरी, शीला देवी, अजय गुप्ता, रणजीत जायसवाल, भरत लाल गुप्ता, अशोक केशरी, नंदू पासवान, वकील शेख मंसूरी, विमल जायसवाल, चंदन सेठ, लाल बहादुर केशरी, जयप्रकाश जायसवाल, इंदू देवी, उषा गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने भक्ति भाव से कथा का रसपान किया।
