[smartslider3 slider="2"]

तहसील परिसर में कर्मचारी पर हमला, गला दबाकर जान लेने की कोशिश का आरोप

Connect With Social Media

नौगढ़ । नौगढ़ तहसील परिसर में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तहसील में कार्यरत युवक आकाशदीप पर कुछ लोगों द्वारा हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित आकाशदीप के अनुसार, घटना लगभग सुबह 11 बजे की है, जब वह अपने कार्य में व्यस्त था। तभी तीन लोग समूह बनाकर तहसील परिसर में पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों में कुछ अधिवक्ता भी शामिल थे। आकाशदीप का कहना है कि हमलावरों ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि गला दबाकर जान लेने की भी कोशिश की। इस दौरान उसके कपड़े फट गए और उसे गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा सरकारी अभिलेखों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वह मौके से भागकर चल रहे तहसील दिवस कार्यक्रम में पहुंचा और वहां मौजूद अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद आकाशदीप ने उपजिलाधिकारी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई और संबंधित थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पहले से ही मोबाइल फोन पर धमकियां मिल रही थीं, जिसकी जानकारी भी उसने प्रशासन को दी है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। वहीं तहसील परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!