
चकिया । सैदूपुर कस्बा स्थित श्री राम जानकी मंदिर प्रांगण से शुक्रवार की प्रातः भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के उपरांत शुरू हुई इस यात्रा में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कलश यात्रा में 108 कलश सिर पर धारण किए पीले वस्त्रों में सजी महिलाओं ने सैदूपुर, सरैया और बसाढी कस्बों का भ्रमण किया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा का नेतृत्व वृंदावन धाम की कथा वाचिका आचार्य बाल विदुषी पूर्णिमा जी ने किया, जिन्होंने नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं को आशीर्वाद भी दिया।
नगर भ्रमण के उपरांत कलश यात्रा सैदूपुर बाजार स्थित राइस मिल प्रांगण में पहुंचकर सम्पन्न हुई। यहीं से शुक्रवार की सायं नवदिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा, जिसमें आचार्य पूर्णिमा जी श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगी।
कलश यात्रा में महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान ग्राम प्रधान मनोहर केशरी, शीला गुप्ता, अजय गुप्ता सहित आयोजक मंडल के मधुसूदन सेठ, चंदन सेठ, भरत लाल गुप्ता, अरविंद गुप्ता, रमेश मौर्य, छोटू केशरी, अशोक केशरी, सुभाष केशरी, जयप्रकाश जायसवाल, संजय गुप्ता, नंदू पासवान, उषा केशरी, मनीषा, अनुराधा सहित समेत अनेक लोग शामिल रहे।