
अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के पास दिल्ली–हावड़ा–पटना रेल लाइन पर एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतका की पहचान भोगवार गांव निवासी 48 वर्षीय राजमणि देवी, पत्नी विक्रम पटेल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजमणि देवी काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह अचानक घर से लापता हो गईं। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

इसी बीच, सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक (डीडीयू–पटना मैन लाइन, पोल संख्या 1074 के पास) पर एक क्षत-विक्षत शव देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पहचान करने पर शव राजमणि देवी का निकला। घटना की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अलीनगर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी अलीनगर घनश्याम शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना से भोगवार गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, राजमणि देवी अक्सर मानसिक तनाव के चलते घर से बाहर निकल जाया करती थीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है।
