[smartslider3 slider="2"]

मुगलसराय में जाम से राहत को सिक्स लेन सड़क की मांग

Connect With Social Media

अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा

अशोक कुमार जायसवाल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से निजात पाने के लिए सिक्स लेन सड़क निर्माण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने जिलाधिकारी चंदौली के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है।

बुधवार को अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी (जो जिलाधिकारी के प्रतिनिधि थे) को यह ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से गुजरने वाला राज्य मार्ग संख्या 120 एक अत्यंत व्यस्त मार्ग है।

यहां बड़ा रेलवे जंक्शन होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके परिणामस्वरूप नगर के मुख्य बाजार, विशेषकर पुराने जीटी रोड पर रोजाना भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस जाम के कारण एंबुलेंस घंटों फंसी रहती हैं, स्कूली बसों में छोटे बच्चे परेशान होते हैं और कई बार यात्रियों की ट्रेनें भी छूट जाती हैं। व्यापारियों, वकीलों, छात्रों और आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ाव से गुरुद्वारा तक सड़क को सिक्स लेन बनाया जा रहा है, लेकिन नगर क्षेत्र में प्रवेश करते ही इसे फोर लेन कर दिया जाता है। जबकि नगर के इसी हिस्से में सबसे अधिक जाम लगता है। उन्होंने मौजूदा फोर लेन सड़क को तोड़कर दोबारा फोर लेन बनाने को जनता के धन की बर्बादी बताया।

संतोष कुमार पाठक ने बताया कि इस मार्ग के डिवाइडर के दोनों ओर लगभग 110 फीट भूमि पीडब्ल्यूडी विभाग की है। इस पर आसानी से सिक्स लेन सड़क और सर्विस रोड का निर्माण किया जा सकता है। इसके बावजूद अतिक्रमण और कथित भ्रष्टाचार के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मुख्य बाजार में जीटी रोड (राज्य मार्ग संख्या 120) पर सर्विस रोड के साथ सिक्स लेन सड़क बनवाने के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नगरवासियों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Comment

error: Content is protected !!