PWD ने ध्वस्त किए निर्माण, 20 दिन में राहत का दावा

अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। परमार कटरा के सामने सड़क किनारे बने पक्के निर्माण को अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई लोक निर्माण विभाग (PWD) की देखरेख में चल रही है, जिसका उद्देश्य निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को हटाना है।
यह परियोजना सब्जी मंडी से लेकर रेलवे ब्रिज तक सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण का कार्य कर रही है। इसके साथ ही यूटिलिटी पाइपलाइन को भी शिफ्ट किया जाएगा। इस कार्य की जिम्मेदारी कॉन्ट्रैक्टर ओम प्रकाश यादव को दी गई है।

मुगलसराय इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. अजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह कोई अनधिकृत बुलडोजर कार्रवाई नहीं है, बल्कि पहले से स्वीकृत विकास परियोजना का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब सड़क किनारे नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाने के लिए ही बुलडोजर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हालांकि, इस व्यस्त क्षेत्र में निर्माण कार्य के चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां कई अस्पताल, बैंक और दुकानें होने के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

सामाजिक संस्था “सम्मानित मंच सेवा ट्रस्ट” के संस्थापक अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार और अधिकारियों से मलबे को जल्द से जल्द हटाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चार घंटे के भीतर मलबा साफ नहीं किया गया, तो संस्था के पदाधिकारी पुनः मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग करेंगे।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राजेश कुमार ने बताया कि नाली और पाइपलाइन निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले 20 दिनों में परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य है, जिसके बाद नगरवासियों को जाम और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
