लंगर के लिए सिलेंडर नहीं मिले, गुरुद्वारा कमेटी ने लगाए आरोप

अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में तीन दिवसीय बैसाखी समारोह शुरू हो गया है। इस दौरान जी.टी. रोड स्थित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने लंगर के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने पर जिला पूर्ति अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेक्रेटरी सरदार महेंद्र सिंह ने बताया कि यह बैसाखी कार्यक्रम पिछले 77 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंगर के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए गए, जबकि बाजार में सिलेंडर महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं और प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

कमेटी के अध्यक्ष सरदार रणजीत सिंह ने भी जिला पूर्ति अधिकारी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पहले लंगर के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अंतिम समय में मना कर दिया गया। इस कारण कमेटी को बाजार से महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने पड़े, जिसे उन्होंने “धोखा” बताया। रणजीत सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रसिद्ध रागी जत्थे, विद्वान वक्ता और प्रचारक भजन, कीर्तन व प्रवचनों से श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। नगर कीर्तन नाचघर इंडस्ट्री क्षेत्र से निकलकर गुरुद्वारा परिसर में समाप्त होगा, जिसके बाद दो दिनों तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अध्यक्ष रणजीत सिंह ने समाज को एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि सभी धर्मों को समान माना जाता है और कीर्तन इसी सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। तीन दिवसीय कार्यक्रम की समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।

पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रहा। समारोह में लगभग 5,000 से 6,000 लोगों की भीड़ देखी गई।


