400 ग्राम हेरोइन के साथ बाराबंकी के दो तस्कर गिरफ्तार

अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली: जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ बाराबंकी निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मुगलसराय थाना पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। उनकी तलाशी लेने पर सब्जी के झोले में सब्जियों के नीचे छिपाकर रखी गई 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र स्व. सूरज लाल और नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों ग्राम नेउला, थाना मसौली, जिला बाराबंकी के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बाराबंकी से हेरोइन लेकर आए थे। उन्हें यह खेप पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपनी थी। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 165/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ दो रियलमी मोबाइल फोन, 240 रुपये नकद और एक सब्जी का झोला व सब्जियां भी बरामद की हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।