
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के सिलौटा गांव में संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। खास बात यह है कि यह घटना दूसरी बार हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में गुस्सा और बढ़ गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ मौके पर पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की मांग उठाई।

वहीं, भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी सिलौटा गांव पहुंच गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भीम आर्मी के नेता रोहित विश्वकर्मा ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से शोषित, वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार दिलाया था। ऐसे महान व्यक्तित्व का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस दौरान शेरू निगम, सुजीत कुमार अजीत, दिनेश कुमार, सन्नी, संजय दिनकर, आकाश गौतम, शिवम भारतीय और भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
