[smartslider3 slider="2"]

सुबह की सैर बनी मौत का सफर: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

Connect With Social Media

चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से घायल युवक ने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान रोहित कुमार (पुत्र राजकुमार राय), निवासी ग्राम नौदर, थाना बलुआ, तहसील सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। बताया गया कि रोहित की मां का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उसके पिता और बड़ा भाई दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वह स्वयं अपनी नानी के गांव उड़ौली, थाना सकलडीहा में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे रोहित अपने दो दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था। इसी दौरान चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद साथियों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल चंदौली से वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस हादसे ने पहले से ही संघर्ष कर रहे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। बेटे की मौत से परिवार की उम्मीदें टूट गई हैं और गांव में शोक की लहर है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!