
चकिया । सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स के शौर्य दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर चकिया में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ज्ञात हो कि शौर्य दिवस हर वर्ष कच्छ के रण स्थित सरदार पोस्ट पर वर्ष 1965 में लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई की स्मृति में मनाया जाता है, जहाँ सीआरपीएफ के जांबाज़ जवानों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन सेना के बड़े हमले को विफल कर दिया था। यह दिन फोर्स की बहादुरी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में डीआईजी श्री राकेश कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके बलिदान को नमन किया।

अपने संबोधन में वरिष्ठ अधिकारियों ने सीआरपीएफ की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए सभी जवानों को कर्तव्य, सम्मान और बलिदान की उच्चतम मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और एकता की रक्षा के लिए फोर्स का समर्पण सदैव अटूट रहा है।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया गया तथा राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सीआरपीएफ के दृढ़ संकल्प को दोहराया गया। यह आयोजन देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना से ओत-प्रोत रहा।