[smartslider3 slider="2"]

युवक मालवीय पुल पर चढ़ा, फिर गंगा में कूदा

Connect With Social Media

NDRF और पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद बचाया

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय): राजघाट स्थित मालवीय पुल पर एक युवक के ऊपरी ढांचे पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। घंटों की मशक्कत के बाद युवक ने गंगा में छलांग लगा दी, जिसे राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया।

यह घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। युवक को खतरनाक स्थिति में देख पुल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया। इस दौरान पुल के नीचे गंगा में नाव के साथ रेस्क्यू की तैयारी भी रखी गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक असामान्य व्यवहार कर रहा था और नीचे उतरने को तैयार नहीं था। काफी मशक्कत के बाद उसने अचानक गंगा में छलांग लगा दी। पहले से अलर्ट रेस्क्यू टीम ने फुर्ती दिखाते हुए युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार पांडेय और NDRF की तत्परता से युवक की जान बचाई जा सकी। रेस्क्यू के बाद युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया और कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस फिलहाल युवक से पूछताछ कर रही है ताकि उसके इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक तौर पर मानसिक तनाव या नशे की आशंका जताई जा रही है। पुलिस युवक की शिनाख्त की भी जांच कर रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!