
कंन्दवा ।कंदवा थाना क्षेत्र के करौती गांव की बस्ती में मंगलवार को सुबह करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लगने से एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरत राम के घर में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

आग की चपेट में आकर घर में रखा अनाज, साइकिल, चौकी, बिस्तर समेत दैनिक उपयोग का सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने तक का संकट खड़ा हो गया है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सब कुछ जल चुका था।गांव के सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक पाण्डेय “चिक्कू” व चन्दन पाण्डेय ने पीड़ित परिवार के लिए जिला प्रशासन से अहेतुक आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि परिवार को राहत मिल सके और वे दोबारा अपने जीवन की शुरुआत कर सकें।
प्रशासन से अब पीड़ित परिवार को तत्काल मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
