
चकिया । चकिया कस्बे में इन दिनों बाहरी महिलाओं के एक संदिग्ध गिरोह की सक्रियता से लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। यह गिरोह खासतौर पर बैंक और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को निशाना बना रहा है। ताजा मामला सहदुल्लापुर तिराहे के समीप सामने आया, जहां एक महिला से 50 हजार की नकदी छीनने की घटना से हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला बैंक से 50 हजार की नकदी निकालकर बाहर निकली ही थी कि पहले से घात लगाए एक संदिग्ध महिला ने अचानक उसके हाथ से रुपये छीन लिए और मौके से फरार होने लगी। घटना से घबराई पीड़ित महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया कस्बा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक से पैसा निकालते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।घटना के बाद पुलिस ने बैंक परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी है। वहीं, इस तरह की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।