1 अप्रैल को घर से लापता हुआ था, परिजनों को सौंपा

अशोक कुमार जायसवाल
धानापुर पुलिस ने 1 अप्रैल को घर से लापता हुए नाबालिग किशोर आकाश बिन्द को सकुशल बरामद कर लिया है। खड़ान गांव निवासी आकाश को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
आकाश बिन्द, जो मुसई बिन्द का पुत्र है, के लापता होने से उसके परिवार में हड़कंप मच गया था। परिजनों ने तत्काल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि आकाश ट्रेन से हावड़ा होते हुए कोलकाता पहुंच गया था और कुछ समय तक वहीं रहा। धानापुर पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में कोलकाता भी पहुंची थी, लेकिन इसी बीच वह स्वयं घर लौट आया।
घर लौटने के बाद स्नेहा तिवारी ने आकाश की काउंसलिंग की और उससे बातचीत की। किशोर ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से गया था और उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया।
सीओ सकलडीहा ने जानकारी दी कि पुलिस किशोर के लापता होने के बाद से ही उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आकाश को उसके परिवार को सौंप दिया। बच्चे के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।