शव को नौगढ़ के जंगल में फेंका, आरोपी पति हिरासत में

चंदौली जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने लोहे की रॉड से पीटकर पत्नी की जान ली और शव को नौगढ़ के जंगलों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव की है। मृतका की पहचान सोनी खरवार के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2020 में गौतम खरवार से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

सोनी के मायके पक्ष ने कई दिनों तक उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। चिंतित परिजनों ने सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद इस घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि गौतम खरवार ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या की। सबूत मिटाने के इरादे से उसने शव को एक चार पहिया वाहन से नौगढ़ के जंगलों में ले जाकर फेंक दिया।
मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पति गौतम खरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतका के शव की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

क्षेत्राधिकारी सदर, देवेंद्र कुमार ने बताया कि

मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने पुष्टि की कि जांच के दौरान पति द्वारा हत्या करने की बात सामने आई है।
शव की बरामदगी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतका की बहनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही गौतम उनकी बहन को प्रताड़ित करता था। उन्होंने बताया कि विवादों की जानकारी कई बार दी गई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और शव की बरामदगी के लिए जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।