
चंदौली। जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल ने मंगलवार देर रात अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस लाइन स्थित कार्यालय पहुंचकर उन्होंने विधिवत पदभार संभाला और जरूरी अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए।
पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और अपने-अपने कार्यों का परिचय देते हुए जिले की स्थिति से अवगत कराया। एसपी आकाश पटेल ने भी अधीनस्थ अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए टीम वर्क पर जोर दिया।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय स्टाफ के साथ आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं। साथ ही कुछ समय तक अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक कर जनपद की कानून-व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बताया जा रहा है कि इससे पहले आकाश पटेल वाराणसी कमिश्नरेट के गोमती जोन में एसीपी के पद पर तैनात थे।
गौरतलब है कि चंदौली के पूर्व एसपी आदित्य लांग्हे का तबादला फिरोजाबाद के पुलिस अधीक्षक पद पर कर दिया गया है। मंगलवार को पुलिस लाइन में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
