[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में दो बड़े अभियानों की शुरुआत: डीएम ने दिखाई हरी झंडी, स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर

Connect With Social Media


चंदौली। जनपद में स्वास्थ्य और शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से दो महत्वपूर्ण अभियानों—संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान—का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय और बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार के साथ संयुक्त रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर डीएम ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। कार्यक्रम से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में मेधावी छात्रों को पुस्तकें भेंट कर सम्मानित भी किया गया, जिससे शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।


जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों अभियानों को पूरे माह गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में बच्चों का ड्रॉपआउट रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साफ-सफाई और दवा छिड़काव पर रहेगा फोकस
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। संक्रामक रोगों के प्रसार को रोकने के लिए नियमित रूप से दवाओं का छिड़काव किया जाएगा। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग और नगर निकायों की अहम भूमिका तय की गई है।
हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का लक्ष्य
स्कूल चलो अभियान के तहत विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण विकसित करने और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। खासतौर पर प्राथमिक विद्यालयों में ड्रॉपआउट रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारी अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें जागरूक करेंगे।


दूरदराज क्षेत्रों में अभियान की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने उपस्थित लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई।
उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक विद्यालय से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत रैली निकाली जाएगी, जिसमें आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!