[smartslider3 slider="2"]

हाउस टैक्स वृद्धि और सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Connect With Social Media


चंदौली। जनपद में नागरिक सुविधाओं और कर व्यवस्था को लेकर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने सिक्स लेन सड़क निर्माण और नगर पालिका द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए एसडीएम विजय त्रिवेदी को ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ता पाठक ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद द्वारा ‘स्वकर’ के नाम पर हाउस टैक्स में कई गुना बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि इसके अनुपात में नागरिक सुविधाओं में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स का उद्देश्य बेहतर सड़कें, साफ-सुथरी नालियां और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना होता है, लेकिन नगर की स्थिति इसके विपरीत है।
उन्होंने बताया कि नगर के अधिकांश वार्डों में सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, गलियां टूटी पड़ी हैं और नालियां क्षतिग्रस्त हैं। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा मनमाने तरीके से टैक्स वसूला जा रहा है।
पाठक ने यह भी आरोप लगाया कि कई ऐसे घरों से भी जल कर (वॉटर टैक्स) वसूला जा रहा है, जहां नल कनेक्शन तक उपलब्ध नहीं है। इसे उन्होंने आम जनता के साथ अन्याय बताया।
सिक्स लेन सड़क निर्माण के मुद्दे पर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पीडीडीयू नगर में सिक्स लेन सड़क के लिए धन आवंटित किया गया था, लेकिन स्थानीय दबाव में आकर पहले से बनी फोरलेन सड़क को तोड़कर फिर से फोरलेन ही बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला बताते हुए जांच की मांग की।
अधिवक्ता ने प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” और स्थानीय विधायक होने के बावजूद नगर की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपेक्षा के कारण नगर पालिका की स्थिति बिगड़ती जा रही है और इसे ‘सी श्रेणी’ में डाल दिया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ता संतोष पाठक ने हाउस टैक्स में की गई बढ़ोतरी पर रोक लगाने, जल कर की वसूली में पारदर्शिता लाने और सिक्स लेन सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!