
मुगलसराय। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच दुलहीपुर-शाहपुरी मार्ग पर चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 29 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए छत में लगी लोहे की सरिया तक काटकर पार कर दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित सतन कुमार झा के अनुसार, चोरों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से मकान के पिछले हिस्से से प्रवेश किया और छत की सरिया काटकर फरार हो गए। वारदात के तरीके से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी में पेशेवर अपराधियों का हाथ हो सकता है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने इस घटना में क्षेत्र के ही दबंग प्रवृत्ति के लोगों की संभावित संलिप्तता की आशंका भी जताई है।
घटना के बाद पीड़ित द्वारा तत्काल मुगलसराय थाने को सूचना दी गई, लेकिन आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस अब तक मौके पर पहुंचकर जांच शुरू नहीं कर सकी है। न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई और न ही पीड़ित को संतोषजनक जवाब मिला। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के चलते अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोगों में इसको लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून का राज कायम हो सके और आमजन को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।