[smartslider3 slider="2"]

सकलडीहा की बेटी आकांक्षा सिंह बनीं असिस्टेंट कमिश्नर, यूपीपीसीएस में पाई सफलता

Connect With Social Media


चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के महादेवा गांव की होनहार बेटी आकांक्षा सिंह ने यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) के पद पर हुआ है। जैसे ही यह खबर गांव और क्षेत्र में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई।
मंगलवार को इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में परिवारजनों ने गांव स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस खास मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रभुनारायण यादव भी पहुंचे और आकांक्षा सिंह को बुके, माला और मिठाई भेंट कर बधाई दी।
आकांक्षा सिंह एक शिक्षित और प्रेरणादायक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कमलेश सिंह आरपीएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी माता इंद्रावती सिंह अमिलाई प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका हैं। बचपन से ही मेधावी रही आकांक्षा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है।
विधायक प्रभुनारायण यादव ने आकांक्षा की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा सिंह आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके इस मुकाम तक पहुंचने से यह साबित होता है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता जरूर मिलती है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आकांक्षा सिंह से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने आकांक्षा सिंह को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!