
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। नगरपालिका परिषद की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पूर्व छात्रसंघ महामंत्री राकेश रोशन सिंह ‘बागी’ ने इंटरलॉकिंग ईंटों की खरीद-बिक्री में कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए कई गंभीर मुद्दे उठाए हैं।
‘बागी’ का कहना है कि नगर पालिका में चुनी हुई महिला सभासदों की जगह उनके पति या बेटे जैसे प्रतिनिधि सरकारी कार्यक्रमों और कार्यों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताते हुए आरोप लगाया कि ये लोग पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि मुगलसराय के कैलाशपुरी वार्ड में पुरानी इंटरलॉकिंग ईंटों को हटाकर नई रंगीन ईंटें लगाई गईं। आरोप है कि हटाई गई पुरानी ईंटों को नियमों के विरुद्ध मात्र डेढ़ रुपये प्रति ईंट के हिसाब से महमूदपुर के एक व्यक्ति को बेच दिया गया।
‘बागी’ ने यह भी दावा किया कि संबंधित सभासद, पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडे के करीबी हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार पुरानी निर्माण सामग्री को सीधे बेचने के बजाय उसे वापस जमा कराकर नीलामी (टेंडर प्रक्रिया) के माध्यम से बेचना चाहिए। लेकिन नगरपालिका प्रशासन इस प्रक्रिया का पालन नहीं कर रहा है।
राजनीतिक तंज कसते हुए ‘बागी’ ने कहा, “भाजपा को भाजपा के लोग ही डेढ़ रुपये में बेच रहे हैं और दोष दूसरों पर डाला जा रहा है।”
इन आरोपों के बाद नगरपालिका की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।