
डीडीयू नगर (मुगलसराय), चंदौली।
केसरवानी वैश्य समाज एवं महिला समाज की संयुक्त मुगलसराय जनपद चंदौली कमेटी द्वारा कैलाशपुरी स्थित केसरी नंदन उत्सव वाटिका में होली मिलन समारोह एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बलिया निवासी प्रदेश महामंत्री दीनानाथ केसरी एवं विशिष्ट अतिथि लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण चंद्र केसरी ने समाज के कुलदेवता महर्षि कश्यप ऋषि के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर केसरवानी वैश्य समाज के चंदौली जिलाध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध देवी पचरा गीत-भजन गायक अशोक सिद्धार्थ केसरवानी ने अपनी मधुर व सुरीली आवाज में गणेश वंदना एवं देवी गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शानदार शुरुआत की।
इसके पश्चात सामाजिक एवं सांस्कृतिक ‘सुर सरिता’ संस्था के कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, नंदी और मां काली की आकर्षक झांकियों के साथ भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किए गए। महिलाओं एवं बच्चों ने भी भक्ति और होली गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और रंगारंग हो उठा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, सदस्य, महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे सपरिवार शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, गले मिलकर एवं बड़ों का आशीर्वाद लेकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को माला पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संदीप केसरी, एडवोकेट सत्य प्रकाश केसरी, सुनील केसरी, सुरेश केसरी, हनुमान केसरी, रामनिवास केसरी, नवीन केसरी, राम प्रकाश केसरी, रोहित केसरी, डॉ. शशिकांत केसरी, पूजा, सोनी, आकांक्षा, लक्ष्मी, शिमा, रूबी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक सिद्धार्थ केसरवानी ने किया, जबकि अंत में मुगलसराय नगर अध्यक्ष राम जनम केसरी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।