
चंदौली- सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी युवती के जीजा का सगा भाई बताया जा रहा है।
पीड़िता, जो सकलडीहा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती है, ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बलुआ थाना क्षेत्र के रमौली गांव निवासी नीरज (23) पुत्र सुरेंद्र ने उससे शादी का वादा किया था। इसी झांसे में लेकर आरोपी ने करीब दो वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने न्याय की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।