[smartslider3 slider="2"]


चंदौली में 19 गोवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार: पुलिस को कुचलने की कोशिश, एक चालक फरार

Connect With Social Media


चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 गोवंश बरामद किए हैं। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक चालक मौके से फरार हो गया। तस्कर पशुओं को वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो पिकअप वाहन संदिग्ध रूप से चंदौली की ओर से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जेठमलपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर में दो सफेद पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन चालकों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए भागने लगे। इसी दौरान एक पिकअप वाहन बैरियर से टकराकर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर रुक गया।
दूसरा वाहन आगे जाकर हाईवे से सर्विस लेन में उतरकर बंद हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और एक वाहन के चालक व खलासी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के मऊगंज जनपद स्थित पैपरखार गांव निवासी इख्तियार खाँ और पंकज आदिवासी के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौवंश को पश्चिम बंगाल के पंडुआ शहर ले जा रहे थे, जहां उन्हें वध के लिए बेचकर अधिक मुनाफा मिलता है।
पुलिस ने बरामद सभी गोवंश को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया है और फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!