
चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। युवक अपने पिता को जमानिया रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना ग्राम सुडिया के सामने करीब सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। गुरैनी ग्राम सभा निवासी रोशन यादव अपने पिता परमेंद्र यादव को स्टेशन छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग तत्काल पहुंचे और घायल रोशन यादव को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले जाने लगे। लेकिन गंभीर चोटों के चलते रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद युवक के नाक और कान से खून बह रहा था, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक रोशन यादव अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक 4 साल का बेटा और दूसरा मात्र 2 महीने का शिशु है।
स्थानीय लोगों ने रोशन यादव को मिलनसार और मददगार स्वभाव का व्यक्ति बताया। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई