
चकिया । इंडिगो एयरलाइंस में पायलट बनने के बाद बुधवार की रात दो बजे पहली बार शान्तम सिंह जब घर आने के लिए पीडीडीयू नगर जंक्शन पर पहुंचे तो परिवार के लोगों ने उनका भावुक स्वागत किया। स्टेशन पर जैसे ही वह पहुंचे, परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया और बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार के लोग भावुक हो उठे। कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
चकिया तहसील क्षेत्र के तियरी गांव निवासी शान्तम सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। शान्तम सिंह स्वर्गीय रामविलास सिंह शिक्षण संस्थान के एएमडी श्यामजी सिंह और माता श्रुति सिंह के बड़े पुत्र हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के मिड्रेड स्थित लेंसरिया फ्लाइट सेंटर से कमर्शियल

पायलट लाइसेंस (सीपीएल) का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनका चयन पिछले दिनों 22 मार्च को इंडिगो एयरलाइंस में पायलट पद पर हुआ।
शान्तम सिंह का परिवार शिक्षा और राजनीति दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहा है। उनके चाचा छत्रबली सिंह और चाची सरिता सिंह चंदौली के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे प्रेरणादायक माहौल में पले-बढ़े शान्तम ने बचपन से ही अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखा।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिकंदरपुर स्थित स्वर्गीय रामविलास सिंह शिक्षण संस्थान से प्राप्त की। शिक्षकों के अनुसार वह शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं।शान्तम सिंह की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया।