[smartslider3 slider="2"]

लतीफशाह बांध के पास मिला नवजात, समय पर पहुंची पुलिस बनी सहारा

Connect With Social Media

चकिया । कोतवाली क्षेत्र के लतीफशाह बांध के पास गुरुवार को एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार लतीफशाह स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले के पास जमीन पर एक नवजात पड़ा मिला, जिस पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ी। मासूम को इस हालत में देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए नवजात को अपने संरक्षण में लेकर चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर देखभाल के लिए शिशु को चंदौली स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार नवजात की उम्र लगभग एक सप्ताह बताई जा रही है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बनी हुई है। समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर किसने इस मासूम को इस तरह लावारिस हालत में छोड़ दिया। वहीं पुलिस ने मामले की सूचना चाइल्डलाइन और संबंधित विभागों को दे दी है, ताकि बच्चे की समुचित देखभाल और आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि नवजात सुरक्षित है और उसका इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे को वहां कौन छोड़कर गया। मामले की जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जायेगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!