
पीडीडीयू नगर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। मंदिरों में घंटों की गूंज, जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा शहर श्रद्धा में डूबा नजर आ रहा है। नवरात्रि के पांचवें दिन सोमवार को मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना बड़े ही विधि-विधान के साथ की गई।
सुबह से ही व्रती महिलाएं स्नान कर पीले या सफेद वस्त्र धारण कर मंदिरों में पहुंचीं। वहां मां स्कंदमाता की प्रतिमाओं को गंगाजल से स्नान कराने के बाद पीले फूल, अक्षत और चंदन अर्पित कर पूजा की गई। श्रद्धालु महिलाओं ने केले व उससे बनी मिठाइयों का भोग लगाते हुए “ॐ देवी स्कंदमातायै नमः” मंत्र का जाप किया और कपूर से माता की आरती उतारी।


नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भक्ति कार्यक्रम, झांकियां, भजन-कीर्तन और भंडारों की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मंदिरों में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मिशन शक्ति टीम लगातार चक्रमण कर रही है, वहीं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
नवरात्रि के इस पावन पर्व पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जिससे पूरा पीडीडीयू नगर भक्तिमय माहौल में रंगा हुआ है।