[smartslider3 slider="2"]

शहीद दिवस पर जागी देशभक्ति की अलख, भगत सिंह स्मारक पर युवाओं का श्रमदान

Connect With Social Media

इलिया (चन्दौली)। शहीद दिवस के अवसर पर क्षेत्र में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 21 से 23 मार्च तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को गांधीनगर स्थित शहीद भगत सिंह स्मारक परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने हाथों में झाड़ू और सफाई उपकरण लेकर पूरे स्मारक परिसर की साफ-सफाई की। श्रमदान के इस पुनीत कार्य ने न केवल स्थल को स्वच्छ बनाया, बल्कि समाज को स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का सशक्त संदेश भी दिया। युवाओं की यह एकजुटता यह दर्शा रही थी कि सच्ची देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्मों में भी झलकनी चाहिए।
अभियान के पश्चात युवाओं ने अमर क्रांतिकारी भगत सिंह के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके त्याग, बलिदान और क्रांतिकारी विचारों को याद करते हुए युवाओं ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अजय कुमार (सपोर्ट पर्सन, सीडब्ल्यूसी, जिला प्रोबेशन कार्यालय चन्दौली) ने कहा कि जिन वीर सपूतों के बलिदान से आज हम स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु को 23 मार्च 1931 को लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी, लेकिन उनके विचार आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और स्वच्छता को एक संस्कार के रूप में अपनाएं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा और स्वच्छता के संकल्प के साथ हुआ।


इस अवसर पर अंकित, बिट्टू, रामदास, विकास, राहुल, अशोक, विनोद सहित क्षेत्र के अनेक युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिसने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी बना दिया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!