
चहनियां। तिरगांवा स्थित मैरेज हाल में श्री हनुमान गढ़ी सेवा आश्रम ट्रस्ट के तत्वावधान में परम पूज्य श्री 1008 रामकिंकर दास जी (मौनी बाबा) की 121वीं जयंती उत्सव समारोह बड़े श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मातृशक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और पुरुषों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मौनी बाबा के तैल चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं स्मृति हवन संपन्न कराया गया। वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा।


समारोह के दौरान 51 महिलाओं सहित दर्जनों पुरुषों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
आशीर्वाद गोष्ठी में उपस्थित आचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि जहां संतों का आशीर्वाद और मातृशक्ति का सम्मान होता है, वहीं सच्चे संस्कारों का उदय होता है। उन्होंने कहा कि यह मौनी बाबा की कृपा और उनकी आध्यात्मिक शक्तियों का ही प्रभाव है कि आज समाज में मातृशक्ति का इस प्रकार सम्मान हो रहा है, जो अत्यंत सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर आलोक यादव, अभय यादव “पी के”, शरद यादव, मृत्युंजय, चन्द्रिका, अनिता, संतरा देवी, गीता देवी, सोनी देवी, नोखे दास, भरत, वसीम खां, फैजल सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।