[smartslider3 slider="2"]

खुली सीवर नाली बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Connect With Social Media

जुड़ा खास गांव में खुली सीवर नाली के पास प्रदर्शन करते ग्रामीण
चहनियां। चहनियां विकासखंड के अंतर्गत जुड़ा खास गांव में ग्राम पंचायत और प्रशासन की लापरवाही अब ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। गांव की मुख्य सड़क पर स्थित सीवर नाली की दर्जनों पटिया (ढक्कन) पिछले एक वर्ष से टूटी पड़ी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। इसी समस्या को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर स्थित इस खुली नाली के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। खासकर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। रात के समय अंधेरे में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब राहगीर अनजाने में खुले गड्ढों में गिर जाते हैं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले एक साल में कई बार ग्राम प्रधान को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। गांव की मुख्य सड़क होने के कारण यहां यातायात का दबाव भी अधिक रहता है, इसके बावजूद समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सीवर नाली की पटिया नहीं बदली गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शन में सतीश, विजय, विपिन, हरिओम, हरिश्चंद्र, जितेंद्र, तेरसु समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!