
चहनियां/सकलडीहा (चंदौली): पंचायत सहायक संगठन ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मृतक पंचायत सहायिकाओं के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। रविवार को संगठन के जिलाध्यक्ष सागर पटेल ने दोनों दिवंगत सहायिकाओं के घर पहुंचकर उनके परिवारजनों को सहयोग राशि सौंपी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बताया गया कि चहनियां क्षेत्र के ग्राम सभा पलिया की पंचायत सहायिका प्रतिमा देवी तथा सकलडीहा विकास खंड के ग्राम सभा रैपुरा की पंचायत सहायिका संगीता सिंह का हाल ही में निधन हो गया था। इस दुखद घटना के बाद पंचायत सहायक संगठन ने पहल करते हुए पूरे जनपद से सहयोग राशि एकत्र की।
जिलाध्यक्ष सागर पटेल ने बताया कि यह धनराशि जनपद चंदौली के सभी विकास खंडों—चहनियां, सकलडीहा, नौगढ़, शाहबगंज, नियामताबाद, चकिया, बरहनी, धानापुर व सदर—के पंचायत सहायकों और सहायिकाओं के सहयोग से जुटाई गई है। संगठन ने एकजुट होकर पीड़ित परिवारों की मदद करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में संगठन मृतक परिवारों के साथ खड़ा है और आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश यादव, राजकुमार यादव, मुकेश यादव, अजय कुमार गुप्ता, नवीन गुप्ता, मदन साहनी, रोहित गुप्ता, निर्भय, चंदन कन्नौजिया, झबलू यादव, अजय यादव, राकेश यादव, यशवंत सहित अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे।