[smartslider3 slider="2"]

ऑटो में सफर के दौरान बैग काटकर चोरी, ₹70 हजार नकद और डेढ़ लाख के गहने उड़ाए

Connect With Social Media

डीडीयू नगर (मुगलसराय): मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पड़ाव इलाके में शुक्रवार देर शाम एक महिला के साथ चलती ऑटो में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। उचक्कों ने बैग काटकर ₹70 हजार नकदी और करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के बिसौरा गांव निवासी मनोज कुमार गुप्ता अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किसी काम से पड़ाव आए थे। शाम के समय पूरा परिवार पड़ाव चौराहा से टेंगरा मोड़ जाने के लिए ऑटो में सवार हुआ।
बताया जा रहा है कि ऑटो में पहले से ही दो महिलाएं बैठी थीं, जिन्हें अदलहाट जाना था। जैसे ही ऑटो टेंगरा मोड़ पहुंचा, दोनों महिलाएं जल्दी से उतरकर दूसरी दिशा में चली गईं। मनोज गुप्ता भी परिवार के साथ उतरकर दूसरे ऑटो में बैठ गए।
इसी दौरान उनकी नजर पत्नी के बैग पर पड़ी, जो कटा हुआ था। बैग की जांच करने पर उसमें रखे ₹70 हजार नकद और सोने के मंगलसूत्र, कान की बाली, बिछिया समेत अन्य आभूषण गायब मिले। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
काफी खोजबीन के बावजूद ऑटो चालक और संदिग्ध महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने जलीलपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!