
चंदौली- सैयदराजा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े छिनैती की घटना से हड़कंप मच गया। नेशनल इंटर कॉलेज के समीप दो बाइक सवार बदमाशों ने ऑटो चालक को निशाना बनाते हुए उससे ₹10 हजार छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को बैंककर्मी बताकर ऑटो रुकवाए। बातचीत के दौरान ही विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी बीच बदमाशों ने चालक से नगदी छीन ली। घटना से घबराकर ऑटो में बैठी सवारियां बीच रास्ते में ही उतर गईं।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसे देख बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। पीड़ित ऑटो चालक ने तुरंत अपने परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।