
चन्दौली- मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव के पास स्कूल जा रहे दलित छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग युवकों ने रास्ते में बच्चों को रोककर उनके साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए।
घटना के बाद डरे-सहमे छात्र-छात्राएं किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी। बच्चों की आपबीती सुनकर परिजन आक्रोशित हो उठे और तुरंत मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर दो नामजद युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि स्कूल जाते समय बच्चों को इस तरह निशाना बनाया जाना बेहद गंभीर मामला है। इससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, मामले को लेकर मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष द्वारा इस मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है, जिससे निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।