
हिंदी का प्रयोग संवैधानिक दायित्व ही नहीं, नैतिक कर्तव्य भी: राजीव कुमार सिंह
चन्दौली- नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) चन्दौली की 15वीं अर्द्धवार्षिक बैठक का आयोजन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया चन्दौली के सभागार में नराकास अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह की गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
●बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि नराकास केवल एक प्रशासनिक मंच नहीं है, बल्कि हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एक साझा संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग मात्र संवैधानिक बाध्यता नहीं, बल्कि हम सभी का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने सभी कार्यालयों से अपील की कि वे अपने कार्यस्थलों पर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक और प्रेरक वातावरण का निर्माण करें।
●कार्यक्रम के दौरान नराकास, चन्दौली के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न राजभाषा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मुगलसराय के महाप्रबंधक ऋतब्रत घोष, भारत पेट्रोलियम मुगलसराय के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष निगम, केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य सुश्री क्षमा सिंह, विभिन्न कार्यालयों के प्रमुख राजभाषा अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन नराकास चन्दौली के सदस्य सचिव अमित दीक्षित द्वारा किया गया।