
चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड अंतर्गत नेगुरा गांव में एक मिनी स्टेडियम का भव्य उद्घाटन किया गया। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका लोकार्पण किया।
मनरेगा योजना के तहत लगभग 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह स्टेडियम 110×102 वर्गमीटर क्षेत्र में बना है। इसे चंदौली जनपद का पहला मिनी स्टेडियम बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चियों के लिए कबड्डी और दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर (बालिका वर्ग) और 400 मीटर (बालक वर्ग) की दौड़ शामिल रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने फोन के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए धानापुर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और अपनी अनुपस्थिति के लिए खेद व्यक्त किया।
विधायक सुशील सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने जिला न्यायालय, पुलिस लाइन, मेडिकल कॉलेज और सैदपुर-चंदौली मार्ग को नेशनल हाईवे में परिवर्तित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष को मुद्दाविहीन बताया।
वहीं ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि यदि उन्हें पुनः अवसर मिला तो धानापुर ब्लॉक की हर न्याय पंचायत में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम से गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को खेल के बेहतर अवसर मिलेंगे और प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ सकेंगे।

कार्यक्रम में कमलाकांत मिश्रा, रमेश यादव बबलू, रमेश द्विवेदी, प्रधान वीरेंद्र यादव, प्रधान विनोद बिंद, प्रधान भरत यादव, राणा सिंह, विमल सिंह दादा, अन्नू सिंह, सोनू यादव, प्रधान रामजी कुशवाहा तथा धानापुर के बीडीओ अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।