[smartslider3 slider="2"]

निजी जमीन दान कर राहुल गिरी ने खत्म की दशकों पुरानी रास्ते की समस्या, नरौली गांव में खुशी की लहर

Connect With Social Media

अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली जिले के धानापुर ग्राम सभा के नरौली गांव में आजादी के बाद से चली आ रही रास्ते की गंभीर समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। गांव के निवासी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल गिरी ने अपनी निजी जमीन का एक हिस्सा ग्रामीणों के आवागमन के लिए दान कर एक मिसाल पेश की है।
इस सराहनीय पहल को साकार रूप देने में ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा की अहम भूमिका रही। उनके प्रयासों के चलते यह कार्य संभव हो पाया। शुक्रवार दोपहर ग्राम प्रधान ने स्वयं फावड़ा चलाकर रास्ते के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया, जिससे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया।
राहुल गिरी ने बताया कि गांव के लोग वर्षों से रास्ते की समस्या से जूझ रहे थे। इसको देखते हुए उन्होंने अपने परिवार से चर्चा की। ग्राम प्रधान के बार-बार अनुरोध और ग्रामीणों की परेशानी को समझते हुए परिवार ने अपनी जमीन का हिस्सा रास्ते के लिए देने का निर्णय लिया।
ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा ने राहुल गिरी और उनके परिवार का आभार जताते हुए कहा कि गिरी परिवार हमेशा से समाज सेवा में आगे रहा है। उनके पूर्वज भी जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं।
इस नए रास्ते के बनने से नरौली गांव से लोकाराम बाबा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष रूप से सुविधा मिलेगी। पहले रास्ता न होने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
गांव में इस नेक कार्य को लेकर खुशी का माहौल है और लोग राहुल गिरी की इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!