
चंदौली/मुगलसराय क्षेत्र ग्राम सभा रेउसा जॉन्सो के मड़ाई में नालियों की सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में लंबे समय से जाम नालियों की समस्या को लेकर विरोध जताते हुए गोंड समाज के लोगों ने एकजुट होकर खुद ही सफाई करने का बीड़ा उठा लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के सफाई कर्मी और जनप्रतिनिधि अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती, उल्टा रौब दिखाया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रधान प्रतिनिधि सरिता, पत्नी धर्मेंद्र भारती से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया।


नालियों की सफाई न होने के कारण गांव में गंदगी बढ़ती जा रही है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है और लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन में शामिल प्रमुख ग्रामीणों में संजय गोंड, पन्ने लाल गोंड, गीता देवी, फूलमती देवी, सुरेश गोंड, जयलाल गोंड, मनोज गोंड, प्रमोद, बृजेश गोंड, धनंजय गोंड, लोदी गोंड, चंदन बिराज गोंड, अवधेश गोंड, शशि गोंड, राज कुमार गोंड, जितेंद्र गोंड, मुरारी गोंड, बाबू गोंड सहित समस्त गोंड समाज के लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।