[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में ओवरलोड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप:RTO ने सीज किये 15 वाहन 20 का चालान

Connect With Social Media

चंदौली- जिले में इनदिनों आरटीओ कार्यालय में तैनात कर्मियों व लोकेटरो के भ्रष्टाचार का मामला थमने का नाम नही ले रहा है।हालांकि मामले में विभाग के एक कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई हो चुकी है लेकिन रिश्वत अगर लेना देना दोनो अपराध है तो देने वाले के विरुद्ध कार्रवाई न होना एक बड़ा सवाल खड़े करता है।

ताजा मामला चन्दौली जिले का है जहाँ जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ उप परिवहन आयुक्त के निर्देश पर बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। अंतर संभागीय मिर्जापुर और वाराणसी जोन की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए 15 से अधिक ओवरलोड वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया, जबकि करीब 20 वाहनों का चालान किया गया।

यह अभियान नौबतपुर से लेकर औद्योगिक नगर क्षेत्र तक चलाया गया। कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक ट्रकों को सदर कोतवाली क्षेत्र के नवीन मंडी चौकी पर सीज कर खड़ा कराया गया, वहीं कुछ अन्य वाहनों को औद्योगिक नगर चौकी पर खड़ा कराया गया।

इस संबंध में उप परिवहन आयुक्त भीम सेन सिंह ने बताया कि मार्च माह वित्तीय वर्ष का अंतिम चरण होता है, ऐसे में लक्ष्य पूर्ति और व्यवस्था सुधार को लेकर बैठक बुलाई गई थी। इसी क्रम में संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान 15 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया और 20 का चालान किया गया।

वहीं वाराणसी के आरटीओ मनोज वर्मा ने बताया कि लगातार ओवरलोडिंग की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लोकेटर वाहनों को पास कराने में लगे हुए हैं। इसी के मद्देनजर अंतर संभागीय टीम गठित कर 13 से 14 टीमों को हाईवे पर तैनात किया गया और व्यापक जांच की गई।

आरटीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जब तक इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह रोक नहीं लग जाती, तब तक अभियान लगातार चलता रहेगा।चेकिंग अभियान के दौरान भदोही के एआरटीओ राम सिंह. गाजीपुर के धनवीर. चंदौली के डॉ सर्वेश गौतम. मिर्जापुर के एसपी सिंह. जौनपुर से सत्येंद्र सिंह. मिर्जापुर से विजय कुमार. वाराणसी के सुधांशु सहित कई सिपाही उपस्थित रहे।

सूत्रों की माने तो जांच टीम की कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध व्यक्ति वाहनों से इर्द गिर्द मंडराते दिखे जिसे लेकर अधिकारियों ने लोकेटरो पर नजर रखनी शुरू कर दी है।सूत्र यह भी बताते है कि कई लोकेटरो ने एआरटीओ चन्दौली को अर्दब में लेने के लिए षड्यंत्र रचा और विभाग इन लोकेटरो को ट्रेस करे तो पूरा मामला स्पष्ट होने की संभावना है। हालांकि इस अभियान से ओवरलोड वाहनों के संचालन वाले नेक्सस की नीद उड़ा दी है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!