
चकिया(चन्दौली) । चकिया स्थित द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई कॉलेज परिसर बुधवार को रोजगार के बड़े केंद्र के रूप में नजर आया, जहां आयोजित वृहद रोजगार मेले में 648 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में जॉब ऑफर मिला। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली द्वारा आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
मेले में कुल 30 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि करीब 1500 अभ्यर्थी रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे। चयनित अभ्यर्थियों में हिण्डाल्को से 21, अशोक लीलैंड से 19, मिंडा से 10, टाटा मोटर्स से सर्वाधिक 111, आईसीआईसीआई बैंक से 14, एलआईसी से 10, सुब्रोस से 9 तथा एसआईएस सिक्योरिटी से 33 अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार की भी उपस्थिति रही।

जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता ने मेले में पहुंचे युवाओं से संवाद कर उन्हें तकनीकी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी और उनकी योग्यता के अनुसार कंपनियों में साक्षात्कार देने के लिए मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत 21 से 40 वर्ष के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त और बिना गारंटी ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे युवाओं में स्वरोजगार के प्रति भी रुचि बढ़ी।
कार्यक्रम में डीसी मनरेगा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी चकिया सहित द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई के प्रबंधक सुरेन्द्र द्विवेदी, रौशन द्विवेदी एवं अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से मेले का सफल आयोजन संपन्न हुआ।